नई दिल्ली, लखनऊ। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलीजेंस (डीजीजीआइ) की टीम ने कानपुर की एक पान मसाला निर्माता कंपनी के यहां डेढ़ करोड़ रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी है। कंपनी के कई ठिकानों पर छापे में चोरी पकड़े जाने पर पान मसाला कारोबारी ने इसे स्वीकार करते हुए मौके पर 1.03 करोड़ रुपये जमा किए हैं।डीजीजीआइ उप निदेशक कमलेश कुमार ने बताया कि उनकी टीम को कानपुर में दादानगर स्थित पान मसाला कंपनी एजे सुगंधी प्राइवेट लिमिटेड से कानपुर, कन्नौज, बरेली, उन्नाव, फतेहपुर और अन्य स्थानों के डीलरों को जीएसटी का भुगतान किए बिना पान मसाला भेजे जाने की सूचना मिली थी। इस पर कानपुर, लखनऊ और आगरा के 60 अधिकारियों की 11 टीमें बनाकर छापेमारी शुरू की गई।इस दौरान कानपुर नगर, कानपुर देहात और हमीरपुर स्थित कंपनी के कारखाने, गोदाम, आवास और प्रमुख डीलरों के साथ ट्रांसपोर्टर के ठिकानों पर तलाशी ली गई, जिसमें डेढ़ करोड़ रुपये की टैक्स चोरी सामने आई। कंपनी के निदेशक अविनाश मोदी ने टैक्स चोरी स्वीकार करते हुए 1.03 करोड़ रुपये जमा किए। अधिकारियों ने बताया कि इस कंपनी से एसएनके नाम से पान मसाला व तंबाकू बनाया जा रहा था।Posted By: Niteshअब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप
Source: Dainik Jagran September 29, 2019 04:18 UTC