‘टाइम्स नेटवर्क’ (Times Network) ने अपनी डिजिटल टीम को मजबूती देते हुए दो प्रमुख पदों पर नियुक्तियां की हैं। इसके तहत रोहित चड्ढा को प्रेजिडेंट और सीओओ (डिजिटल बिजनेस) और विनय सरवागी को सीनियर वाइस प्रेजिडेंट (डिजिटल कंटेंट) के पद पर नियुक्त किया गया है।अपनी इस भूमिका में रोहित चड्ढा नेटवर्क के डिजिटल ऑपरेशंस की कमान संभालेंगे। वह डिजिटल बिजनेस की प्रॉडक्ट स्ट्रैटेजी, ऑडियंस डेवलपमेंट व ऑपरेशंस प्लानिंग को देखेंगे। इसके साथ ही वह कंपनी के समग्र डिजिटल बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए नेटवर्क की लीडरशिप टीम के साथ मिलकर काम करेंगे।जाने-माने एंटरप्रिन्योर चड्ढा को टेक्नोलॉजी, ईकॉमर्स, फिनटेक, ओटीटी और मीडिया व एंटरटेनमेंट के क्षेत्र में काम करने का काफी अनुभव है। चड्ढा ने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन करने के बाद इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, कोलकाता से एमबीए किया है। उन्होंने बतौर को-फाउंडर वर्ष 2013 में ‘foodpanda.com’ की शुरुआत की थी।इसके अलावा वर्ष 2015 में उन्होंने ‘PayLo’ स्टार्टअप भी शुरू किया था। पूर्व में वह ‘एस्सेल ग्रुप’ (Essel Group) के स्वामित्व वाली कंपनी 'जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ (ZEEL) में सीईओ (डिजिटल पब्लिशिंग) रह चुके हैं। इसके अलावा वह ‘नेटवर्क18’ (Network18) समूह की डिजिटल शाखा ‘नेटवर्क18 डिजिटल’ (Network18 Digital) में ग्रुप चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर के पद पर भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं।वहीं, विनय सरवागी सभी प्लेटफॉर्म्स पर नेटवर्क के डिजिटल बिजनेस के समस्त कंटेंट सेगमेंट का नेतृत्व करेंगे। वह नेटवर्क की डिजिटल शाखा Timesnownews.com के लिए इनोवेटिव कंटेंट स्ट्रैटेजी का नेतृत्व करने और नेटवर्क की डिजिटल शाखाओं के विकास को और बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वह ‘टाइम्स नेटवर्क’ के एमडी और सीईओ एमके आनंद को रिपोर्ट करेंगे। बता दें कि ‘नेटवर्क18’ में पांच साल से ज्यादा की पारी के अलावा वह पूर्व में ‘बिजनेस स्टैंडर्ड’, ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’, ‘थॉमसन रॉयटर्स’, ‘डीएनए’ और ‘इंडिया टुडे’ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों से भी जुड़े रहे हैं।इस बारे में ‘टाइम्स नेटवर्क’ के एमडी और सीईओ एमके आनंद का कहना है, ‘मुझे टीम में रोहित और विनय का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है, जिन्हें बिजनेस डेवलपमेंट और कंटेंट इनोवेशन में डिजिटल स्ट्रैटेजी को सफलतापूर्वक संचालित करने का काफी अनुभव है। मुझे विश्वास है कि वे हमारी महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं को सपोर्ट करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे और हमें नई ऊंचाइयों को छूने में मदद करेंगे।’अपनी नियुक्ति के बारे में रोहित चड्ढा का कहना है, ‘मुझे टाइम्स नेटवर्क से जुड़कर उनके डिजिटल बिजनेस का नेतृत्व करने में प्रसन्नता हो रही है। मेरा प्रयास नए अवसर तलाशने, उभरते ट्रेंड्स को भुनाने और नेटवर्क की डिजिटल प्रॉपर्टीज को मजबूती प्रदान करना होगा।’वहीं, विनय सरवागी का कहना है, ’ मैं देश के सबसे प्रभावशाली न्यूज नेटवर्क में शामिल होने के लिए उत्साहित हूं। टाइम्स नेटवर्क में व्युअर्स को हर चीज के केंद्र में रखा जाता है। मैं इस नई भूमिका को निभाने के लिए उत्सुक हूं और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करूंगा कि हमारे व्युअर्स को सभी माध्यमों, प्रारूपों और भाषाओं में बेहतरीन कंटेंट मिले।’
Source: Dainik Jagran September 24, 2022 05:53 UTC