नई दिल्ली, जेएनएन। आइपीएल फ्रैंचाइजी किंग्स इलेवन पंजाब के सह-मालिक नेस वाडिया इस समय कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। खुद तो नेस वाडिया फंसे ही अपनी टीम किंग्स इलेवन पंजाब के लिए भी मुसीबतें खड़ी कर दी हैं। नेस वासिडा को अवैध ड्रग्स(कैनबिस) रखने का दोषी पाए जाने के बाद जापान के एक कोर्ट ने दो साल की सजा सुनाई है। बाद में सजा को 5 साल के लिए सस्पेंड कर दिया। हालांकि, नेस ने ये स्वीकार किया था कि उन्होंने ये निजी प्रयोग के लिए रखी थी।नेस वाडिया पर लगे इस तरह के आरोप और सजा सुनाए जाने के बाद इसका असर उनकी टीम किंग्स इलेवन पंजाब पर पड़ सकता है। आइपीएल के नियम के मुताबिक कोई टीम अधिकारी अगर कोई गलत काम करता है जिससे टीम, लीग, बीसीसीआइ या खेल की बेइज्जती हो तो उस परिस्थिति में टीम को निलंबित किया जा सकता है। इस नियम के मुताबिक बीसीसीआइ शायद पंजाब टीम को बैन करने पर बाध्य हो। फिलहाल, पंजाब प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए शुक्रवार को केकेआर से मोहाली में भिड़ेगी। लेकिन, इससे पहले बीसीसीआइ ने टीम मालिक को नोटिस भेज दिया है।भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ ने शुक्रवार को दिल्ली में होने वाली कमेटी ऑफ एडमिनिस्ट्रेटर्स की बैठक से पहले किंग्स इलेवन पंजाब के मालिकों को इस मामले में नोटिस थमाकर स्पष्टीकरण मांगा है। बीसीसीआइ ने किंग्स इलेवन पंजाब को भेजे ईमेल(नोटिस) में ये बात कही कि सीओए को वाडिया केस को अच्छी तरीके से स्पष्ट किया जाए। इसके बाद ही बोर्ड इस पर फैसला करेगा। आपको बता दें, इस टीम में बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा भी सह मालिक हैं।Posted By: Vikash Gaur
Source: Dainik Jagran May 02, 2019 17:03 UTC