श्रीलंका की टी20 टीम में लौट सकते हैं मलिंगा अनुभवी तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा (Lasith Malinga) आगामी टी20 विश्व कप के लिए एक बार फिर श्रीलंका की टीम में लौट सकते हैं। राष्ट्रीय चयनकर्ता समिति के चेयरमैन प्रमोदया विक्रमसिंघे ने इसकी जानकारी दी।सेलेक्शन कमिटी के चेयरमैन ने कही ये बात विक्रमसिंघे ने मॉर्निंग स्पोर्ट्स से कहा, 'हम जल्द ही लासिथ से बात करेंगे। अक्टूबर में होने वाले आगामी टी20 विश्व कप सहित टी20 दौरों के लिए वह हमारी योजनाओं में हैं। हम 2023 विश्व कप (50 ओवरों का) तक के लिए लंबी प्लानिंग पर काम कर रहे हैं। हमारा मुख्य ध्यान दो मुख्य पहलुओं पर है, जोकि उम्र और फिटनेस है।'आईपीएल फ्रैंचाइजी मुंबई इंडियंस ने कर दिया था रिलीज वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2021 की नीलामी से पहले ही मलिंगा को रिलीज कर दिया था। वह आईपीएल में 122 मैचों में 170 विकेट के साथ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। 37 साल के मलिंगा 2008 से ही मुंबई इंडियंस टीम के साथ जुड़े हुए थे।अगले कुछ दिनों में मलिंगा से मिलेंगे चयनकर्ता 2021 और 2022 में होने वाले लगातार दो टी20 विश्व कप को देखते हुए श्रीलंका को मलिंगा के अनुभव की जरूरत पड़ेगी। विक्रमसिंघे ने कहा, ' लसिथ हमारी योजनाओं में भी है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि वह हमारे देश के सबसे महान गेंदबाजों में से एक हैं। उनका रिकॉर्ड यह बयां करता है। इस साल और अगले साल लगातार दो टी20 विश्व कप है। हम अगले कुछ दिनों में उनसे मिलेंगे तो हम उनसे अपनी योजनाओं पर चर्चा करेंगे।
Source: Navbharat Times May 10, 2021 13:18 UTC