जेटली ने कहा- राजीव गांधी सरकार की ईमानदारी पर सवाल उठाने से राहुल गांधी परेशान क्योंनई दिल्ली, प्रेट्र। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने रविवार को हैरानी जताते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपने पिता राजीव गांधी की सरकार की ईमानदारी और बोफोर्स घोटाले में 'क्यू' कनेक्शन पर सवाल उठाने से इतना परेशान क्यों हो गए हैं।जेटली ने एक के बाद एक ट्वीट कर कहा कि राहुल गांधी सोचते हैं कि 'राजवंश' को किसी सवाल का जवाब नहीं देना होता है। भले ही वह बेहद ईमानदार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला कर सकते हैं।बता दें कि पीएम मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश में एक चुनावी सभा में राजीव गांधी सरकार की ईमानदारी पर निशाना साधा था। इसके जवाब में राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है।जेटली ने अपने ट्वीट में कहा, 'राजीव गांधी सरकार की ईमानदारी पर सवाल उठाने से राहुल गांधी इतने परेशान क्यों हो गए हैं? ओटावियो क्वात्रोची को बोफोर्स सौदे में दलाली क्यों मिली थी? 'क्यू' कनेक्शन कौन था? इसका जवाब नहीं मिला।'जेटली ने कहा कि यहां तक कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भी हत्या कर दी थी और फिर भी आपातकाल और ऑपरेशन ब्ल्यू स्टार को लेकर कांग्रेस से सवाल किए जाते हैं।केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'राजवंश भारत के अत्यंत ईमानदार प्रधानमंत्री पर हमला कर सकता है। क्या वह मानता है कि राजवंश को किसी सवाल का जवाब नहीं देना होता है।' माना जाता है कि 1989 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के लिए बोफोर्स रक्षा सौदा मुख्य वजह था।मोदी सरकार पर देश की अर्थव्यवस्था को खराब स्थिति में पहुंचाने के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आरोप पर जेटली ने कहा, 'जब कोई अर्थशास्त्री एक राजनेता में बदल जाता है, तो वह अर्थव्यवस्था और राजनीति दोनों की समझ खो देता है।'जेटली ने कहा, '2014 में डॉ. मनमोहन सिंह अपने पीछे आर्थिक मंदी, नीतिगत अपंगता और भ्रष्टाचार छोड़ गए थे। वह अपनी पार्टी को संसद में सबसे कम ताकतवर छोड़ गए। भारत आर्थिक उथल-पुथल वाले दुनिया के पांच देशों में शामिल था। आज वह बहुत तेजी से आगे बढ़ती दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्था बन गया है।'पानी के रास्ते बांग्लादेश-म्यांमार जा सकेंगेकेंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि जल्द ही पानी के रास्ते बांग्लादेश-म्यांमार तक जा सकेंगे और दुनिया के बाजार में भारत नई पहचान बना सकेगा। उन्होंने कहा कि पांच साल तो ट्रेलर ही हुआ, फिल्म तो शुरू होनी बाकी है। कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, आतंकवाद से लड़ने वाला ताकतवर प्रधानमंत्री चाहिए या आतंकवादियों के सामने घुटने टेकने वाला मजबूर प्रधानमंत्री। गडकरी रविवार को यहां प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा, देश की तस्वीर बदल रही है। इलाहाबाद से वाराणसी तक जलमार्ग बना दिया गया है। वाराणसी से म्यांमार और आगे तक पानी के रास्ते जाने के लिए 12 हजार करोड़ रुपये की डीपीआर बनाई गई है। योजना पूरी होने पर यमुना में पानी के रास्ते म्याांमार तक जा सकेंगे। सड़क मार्ग से 10 रुपये और रेल मार्ग से 6 रुपये खर्च होते हैं तो पानी के रास्ते जाने पर सिर्फ एक रुपया प्रति किमी खर्च होगा। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा चीन इसीलिए आगे है, क्योंकि वहां लॉजिस्टिक कॉस्ट 10 फीसद ही है, जबकि हिंदुस्तान में 16 से 18 फीसदी। यूरोप में यह 12 प्रतिशत है।पानी के रास्ते हम बांग्लादेश जाएंगे तो खर्च घटकर 12 फीसदी आ जाएगा, जिससे हमारा सामान दुनिया के बाजार में 6 फीसदी सस्ता होगा और हम प्रतिस्पर्धा में आगे हो सकेंगे, देश तरक्की करेगा। दिल्ली से मुंबई तक एक लाख करोड़ रुपये की लागत से हाइवे बनाया जा रहा है, जिससे केवल 12 घंटे में दिल्ली से मुंबई पहुंच सकेंगे। दिल्ली से मुंबई की दूरी 120 किमी कम होगी। उन्होंने कहा यह हाइवे अलवर, सवाई माधोपुर होते हुए रतलाम और झाबुआ में मध्य प्रदेश और उज्जैन से भी जुड़ेगा।इलाहाबाद से वाराणसी तक पानी पर चलेगा प्लेनगडकरी ने कहा नई तकनीक से विकास किया जा सकता है। रूस से उन्होंने वाटर प्लेन मंगाया है। 17 मई को यह आएगा। खास किस्म के बने इस प्लेन को पानी पर भी उतारा जा सकेगा। इसकी रफ्तार 80 किमी प्रति घंटा होगी। इस प्लेन से वे इलाहाबाद से वाराणसी तक का पहला सफर करेंगे।जब मारपीट करनी हो तो बुद्धिमान काम थोड़े ही आएगागडकरी ने कहा राजनीति में हर तरह का कार्यकर्ता चाहिए। कोई कार्यकर्ता बुरा नहीं होता। बुद्धिमान भी और पहलवान कार्यकर्ता भी जरूरी। जब मारपीट करनी हो तो बुद्धिमान काम थोड़े ही आएगा। हर तरह का दृष्टिकोण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी को आंख दान की जा सकती है, लेकिन विकास करने वाली दृष्टि दान नहीं कर सकते।लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एपPosted By: Bhupendra Singh
Source: Dainik Jagran May 05, 2019 23:14 UTC