पायलट ने वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई की किताब "द डेमोक्रेटिक इंडेक्स" पर की चर्चाराजदीप बोले- भाजपा 21 वीं शताब्दी की पार्टी, मोदी की सोशल मीडिया पर दमदार मौजूदगीDainik Bhaskar Jan 26, 2020, 08:39 PM ISTजयपुर. रविवार को जेएलएफ (जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल) में पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने अपनी किताब "द डेमोक्रेटिक इंडेक्स" पर उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के साथ चर्चा की।इस दौरान प्रोग्राम संचालक नमिता भंडारे ने सचिन से सवाल पूछा कि क्या लोकतंत्र और वंश परंपरा साथ चल सकती है। जवाब में सचिन पायलट ने कहा कि पिछले 20 सालों से यह सवाल मुझसे हर मंच पर पूछा जाता है। इसलिए मेरे पास इसका जवाब भी तैयार है। क्रिकेट में भी अगर बाप-बेटों की बात करें तो आप वहां भी अच्छे से खेलेंगे नहीं तो आपको क्लीन बोल्ड कर दिया जाएगा। इसी तरह राजनीति में भी अगर आप काम नहीं करेंगे तो आपको जनता बाहर का रास्ता दिखा देगी। एक भी ऐसा नाम नहीं है, जो बिना काम किए अपने स्थान पर टिका रहा हो।राजनीति में खालीपन नहीं है, उम्मीदों के मुताबिक काम नहीं कर सका तो सत्ता से बाहर: सचिनराजनीति में युवाओं से जुड़े एक सवाल पर पायलट ने कहा- युवाओं की राजनीति में भागीदारी की बात है तो वे राजनीति को चुन रहे हैं। मैं देशभर में और विशेषकर राजस्थान में जब घूमता हूं तो देखता हूं कि वार्ड पंचों, परिषदों के चुनाव में 21-22 साल के युवा चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसा आज से 25 साल पहले नहीं होता था। मैं 42 साल का हूं और पिछले 22 साल से राजनीति में हूं।उन्होंने कहा, अगर मैं अपने से आधी उम्र के या मुझसे छोटे युवकों को अपने अनुभव, अपनी सफलताओं-विफलताओं के बारे में नहीं बताऊंगा या उन्हें गाइड नहीं करूंगा तो लीडरशिप तैयार कैसे होगी। किसी भी पार्टी में लीडरशिप तैयार होने में समय लगता है। यह देश बहुत जटिल है इसे समझना इतना आसान नहीं है। समाज आपसे कुछ और चाहता है, आप कुछ और चाहते हैं। जहां तक पॉलिटिकल लीडरशिप की बात है तो मैं यकीन से कह सकता हूं कि देश में नई लीडरशिप की कोई कमी नहीं है।नमिता भंडारे: आपकी पार्टी इसे सुन रही होगी। आपकी पार्टी युवाओं को आगे लाए जाने में विश्वास नहीं रखती है। बीजेपी में आडवाणी जी जैसे नेता को किनारे लगा दिया गया। आपकी पार्टी एक ही जगह ठहरी है। इसके जवाब में पायलट ने कहा कि इस प्रश्न का जवाब मैं नहीं राजदीप देंगे।भाजपा 21 वीं शताब्दी की पार्टी, मोदी की सोशल मीडिया पर दमदार मौजूदगीराजदीप सरदेसाई: मैंने इसका जिक्र अपनी किताब में भी किया है। भाजपा 21वीं शताब्दी की पार्टी है। आपको इसे स्वीकार करना पड़ेगा। अगर आप आंकड़ों पर गौर करें तो पाएंगे की युवाओं ने बुजुर्ग नेताओं की तुलना में नरेंद्र मोदी को वोट देने। मोदी की सोशल मीडिया पर दमदार मौजूदगी है। वे ट्विटर फेसबुक पर ही नहीं है बल्कि पार्टी टिकटॉक पर भी उनके वीडियो पोस्ट कर रही है और वे भी युवाओं की आवाज बन रहे हैं।दूसरी ओर कांग्रेस है जो यंग लीडरशिप के बावजूद भी युवाओं से कटी हुई है। आपको इसे स्वीकारना होगा। यह नया भारत है। मोदी सपने बेच रहे हैं। मोदी एक कहानीकार हैं। उनकी जिंदगी ही एक कहानी है। लेकिन इसके उलट, अब मोदी मॉडल या कहें कि शाह मॉडल वहीं गलती कर रहा है जो 70 के दशक में कांग्रेस ने की थी। इन दोनों में सत्ता का बहुत घमंड है।
Source: Dainik Bhaskar January 26, 2020 14:17 UTC