प्रयागराज, 3 मार्च (आईएएनएस)। 3 मार्च को साल का पहला चंद्र ग्रहण लगने वाला है, जोकि दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से शुरू होगा। उत्तर भारत समेत देशभर के कई मंदिर चंद्र ग्रहण की वजह से बंद रहेंगे।इसी कड़ी में प्रयागराज में स्थिति शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर के कपाट भी बंद हो चुके हैं। मंदिर के कपाट अब शाम को 7 बजे खोले जाएंगे। मंदिर के पुजारी पंडित श्याम जी पाठक ने चंद्र ग्रहण के दौरान कुछ सावधानियां बरतने और जाप करने की भक्तों से अपील की है।पंडित श्याम जी पाठक ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, "यह 2026 का पहला चंद्र ग्रहण है। ग्रहण दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से शाम 6 बजकर 48 मिनट तक रहेगा और इसका प्रभाव पूरे देश में देखने को मिलने वाला है। इस ग्रहण काल में मंत्रोच्चार और आध्यात्मिक साधना करने से सफलता प्राप्त होती है। चंद्र ग्रहण से 9 घंटे पहले सूतक काल लग जाता है, और यहां मंदिर में सुबह 6 बजकर 20 के बाद से मंदिर के कपाट बंद हैं। मंदिर के कपाट शाम को 7 बजे खोले जाएंगे, और सायंकाल आरती और शुद्धीकरण के बाद ही भक्त मां के दर्शन कर पाएंगे।"उन्होंने आगे बताया, सूतक काल और ग्रहण में मूर्ति पूजन निषेध होता है, और गर्भवती महिलाओं को खास सावधानी बरतनी पड़ती है, लेकिन बाकी सभी सामान्यजन जप, पाठ, और साधना कर सकते हैं। ग्रहण काल में किया गया जप और साधना विशेष फलदायी होता है। घरों में लोग प्रतिमा पूजन से बचें और जाप करके भगवान से अच्छे जीवन की कामना करें। ग्रहण में अगर शक्ति मंत्रों या गुरु मंत्रों का जाप किया जाए तो मनोकामना पूर्ति जल्द होती है।बता दें कि आज अयोध्या और काशी के भी सभी बड़े मंदिर बंद रहेंगे। राम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर पहले ही एडवाइजरी जारी कर चुके हैं कि भक्त मंदिर की समय-सारणी के अनुसार दर्शन की प्लानिंग करें। दोनों मंदिरों के कपाट दिन के समय बंद होंगे और शाम को शुद्धिकरण के साथ खोले जाएंगे। वहीं बाबा महाकाल मंदिर के कपाट बंद नहीं होंगे, लेकिन बाबा पर ग्रहण के दौरान जल अर्पित नहीं किया जाएगा, और भक्त भी गर्भगृह में प्रवेश नहीं कर पाएंगे।अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Source: Dainik Bhaskar March 03, 2026 07:14 UTC