विक्रम सिंह. जिले के रामगढ़ सेठान क्षेत्र में पुलिस ने एक बैंक में डकैती की योजना बना रहे 10 बदमाशों को सोमवार को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। यह गैंग एक होटल में ठहरी थी। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल व 11 जिंदा कारतूस भी बरामद किए है। पुलिस के हत्थे चढ़े इन बदमाशों ने शनिवार रात को जयपुर में संजय सर्किल इलाके में सीकर हाउस के पास शनिवार आधी रात को एक घर के बाहर फायरिंग की थी। इसके अलावा सुभाषचौक क्षेत्र में एक युवक का अपहरण कर हाथ-पैर तोड़ दिए थे। यहां से स्कॉर्पियो व कार से सीकर चले गए।सीकर एसपी डॉ. अमनदीप सिंह कपूर ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी सिराज अहमद (32) निवासी गोविंद नगर (पश्चिम) थाना ब्रह्मपुरी का रहने वाला है। वह आदतन बदमाश है। इसके अलावा संजय नगर, भट्टा बस्ती निवासी आरोपी अकबर अली(39), नाहरी का नाका मदिना मस्जिद निवासी वसीम अहमद (31), भट्टाबस्ती निवासी मोहम्मद सईद (28) है।इसके अलावा पेंटर कॉलोनी, नाहरी का नाका निवासी मोहम्मद आजम (26), चीते वालों का मोहल्ला, रामगंज निवासी मोहम्मद शाबीर(24) व शोएब खान(23), निवारु रोड निवासी रशीद खान (24), यादवों का चौक, हसनपुरा निवासी अकरम (25) व बरकत कॉलोनी, झोटवाड़ा निवासी मोहम्मद शरीफ (28) है।जिस होटल में ठहरे थे बदमाश, इसी के समीप बैंक में थी हथियार दिखाकर डकैती की प्लानिंग एएसपी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि रामगढ़ सेठान थानाप्रभारी हिम्मत सिंह को होटल राजपैलेस में हथियारबंद बदमाशों के ठहरे होने की सूचना मिली थी। इस पर फतेहपुर उपाधीक्षक कुशाल सिंह के नेतृत्व में थानाप्रभारी हिम्मत सिंह, फतेहपुर सदर थानाप्रभारी आलोक पूनियां के साथ स्पेशल पुलिस टीम गठित की गई। जिन्होंने होटल की पहली मंजिल पर दबिश देकर बदमाशों को धरदबोचा।पूछताछ में सामने आया कि होटल में ठहरे ये बदमाश इसी बिल्डिंग के एक हिस्से में संचालित बड़ोदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में हथियारों की नोंक पर डकैती की साजिश रच रहे थे। बदमाशों की तलाशी में दो पिस्टल, सरिए व 11 कारतूस पुलिस ने जब्त कर लिए। इसके अलावा एक आई 20 कार व स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली।मुन्ना तलवार की गैंग से चल रही है आपसी रंजिश, जयपुर में फायरिंग व अपहरण कर मारपीट के बाद सीकर पहुंचे जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी वसीम की जयपुर में सीकर हाउस के पास हाजी कॉलोनी निवासी इमरान से शनिवार शाम को फोन पर आपसी तकरार हो गई थी। इसके बाद देर रात 12 बजे वसीम अपने साथियों के साथ काले रंग की स्कॉर्पियो लेकर हाजी कॉलोनी पहुंचा। जहां बदमाशों ने इमरान के घर पांच छह गोलियां चलाकर दहशत फैला दी और वहां से भाग निकले।पीड़ित इमरान ने संजय सर्किल थाने में सूचना दी। तब सूचना पर एडिशनल डीसीपी धर्मेंद्र सागर व थानाप्रभारी दिनेश कुमार सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों को नामजद कर तलाश शुरु की गई। सूत्रों के अनुसार इसी बीच माणकचौक थानाप्रभारी जितेंद्र सिंह राठौड़ को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम सीकर भेजी गई।
Source: Dainik Bhaskar June 10, 2019 12:41 UTC