जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली : मैदानगढ़ी थाना पुलिस ने सेंधमारी करने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मैदानगढ़ी निवासी रामू,विलियम मिशेल और अमित के रूप में की गई है। आरोपितों के पास से चोरी के चार मोबाइल,तीन अंगूठियां, चांदी की हेयर क्लिप और महिला का पर्स बरामद किया गया है। जांच में सामने आया कि विलियम और अमित जब नाबालिग थे, तब भी दो बार पकड़े जा चुके हैं।डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि 16 दिसंबर को मैदानगढ़ी निवासी महताब ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात बदमाश उनके घर पर 15/16 दिसंबर की रात को उनके घर से चार मोबाइल फोन, गहने और नकदी चोरी कर ले गये हैं। पीड़ित के शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पास में लगे सीसीटीवी में तीन बदमाश नजर आये। जांच के दौरान एक ऑटो भी दिखाई पड़ा। जो वह लोग किराये पर लेकर आये थे। सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण पर ऑटो टीएसआर के कुछ धुंधले पंजीकरण संख्या का पता चला था। उसके बाद ऑटो चालक को पकड़ा गया तो उसने बताया कि तीनों लड़कों को अपने ऑटो को मैदान गढ़ी से किराए पर लिया और वे संगम विहार गए और वापस मैदान गढ़ी में जंगल की ओर चले गए। ऑटो चालक ने पुलिस को उस स्थान के बारे में बताया जहां उसने आरोपितों को उतारा था। उसके बाद सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर तीनों को मैदानगढ़ी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद हुआ है।डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस
Source: Dainik Jagran December 26, 2020 17:26 UTC