लखीमपुर खीरी. सिंगाही थाना क्षेत्र के सिधौना स्थित फुटहा फार्म में बुधवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां घर के भीतर घुसे तेंदुए ने सात साल की मासूम को परिजनों की आंखों के सामने उठाकर ले गया और कुछ ही दूरी पर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है, वहीं परिजनों और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।फुटहा फार्म निवासी जोगा सिंह की सात वर्षीय पुत्री सिमरन बुधवार शाम करीब सात बजे घर के भीतर थी। इसी दौरान अचानक एक तेंदुआ घर में घुस आया और परिजनों के सामने ही बच्ची को जबड़े में दबोचकर लेकर भाग निकला। घटना से घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन और आसपास के लोग शोर मचाते हुए तेंदुए के पीछे दौड़े, लेकिन वह बच्ची को लेकर तेजी से खेतों की ओर निकल गया।करीब पांच सौ मीटर दूर गेहूं और मसूर के खेत में कुछ देर बाद बच्ची का क्षत-विक्षत शव मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में पिछले कई दिनों से तेंदुए की सक्रियता बनी हुई है। इससे पहले भी वह दो पालतू कुत्तों और एक बछिया को अपना निवाला बना चुका है। इसके बावजूद वन विभाग ने ठोस कार्रवाई नहीं की। सूचना देने के बाद भी विभागीय टीम के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई।ग्रामीणों ने पास के खेत में तेंदुए के छिपे होने की आशंका जताई है, जिसके चलते लोग भयभीत हैं और बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। खबर लिखे जाने तक सिंगाही थाने के दो कांस्टेबल मौके पर पहुंच चुके थे।घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राजीव निगम और सीओ शिवम कुमार मौके के लिए रवाना हो गए। वहीं बेलरायां रेंज के रेंजर भूपेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता को देखते हुए पहले से ही दो स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं और गश्ती टीम निगरानी कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और बच्चों को अकेला न छोड़ने की अपील की है।
Source: Dainik Bhaskar March 25, 2026 21:30 UTC