गोवा की पूर्व राज्यपाल और प्रतिष्ठित साहित्यकार मृदुला सिन्हा (77) का बुधवार को निधन हो गया। पीएम मोदी और अमित शाह ने निधन पर दुख जताया। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मृदुला सिन्हा जी को जनता की सेवा के लिए उनके प्रयासों के लिए याद किया जाएगा।नई दिल्ली, एजेंसी। गोवा की पूर्व राज्यपाल, प्रख्यात साहित्यकार और वरिष्ठ भाजपा नेत्री मृदुला सिन्हा का उनके 78 वें जन्मदिन से कुछ ही दिन पहले बुधवार को दिल्ली में निधन हो गया। वह एक कुशल लेखिका भी थीं, जिन्होंने साहित्य और संस्कृति की दुनिया में व्यापक योगदान दिया था। 77 वर्षीय मृदुला सिन्हा बिहार में मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी, पहले जनसंघ और फिर भाजपा से जुड़ीं। उन्होंने भाजपा की महिला शाखा की प्रमुख के रूप में भी काम किया था। पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनके निधन पर दुख जताया है।मृदुला सिन्हा को दिवाली की रात हृदयाघात हुआ था, जिसके बाद उन्हें फोर्टिस एस्कॉर्ट हॉस्पिटल ले जाया गया। बुधवार दोपहर 2:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार परसों दिल्ली में ही किया जाएगा। मृदुला सिन्हा कालकाजी स्थित अपने आवास पर अपने बेटे बहू और दो पोतियों के साथ रहती थी। उनके बेटे नवीन सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने फोन कर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी है। पूर्व राज्यपाल का पार्थिव शरीर अभी फोर्टिस अस्पताल में ही है।पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि मृदुला सिन्हा जी को जनता की सेवा के लिए उनके प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। वह एक कुशल लेखिका भी थीं, जिन्होंने साहित्य के साथ-साथ संस्कृति की दुनिया में भी व्यापक योगदान दिया। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।Smt. Mridula Sinha Ji will be remembered for her efforts towards public service. She was also a proficient writer, making extensive contributions to the world of literature as well as culture. Anguished by her demise. Condolences to her family and admirers.
Source: Dainik Jagran November 18, 2020 11:18 UTC