गे नहीं हैं ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर जेम्स फॉक्नर, फोटो के निकाले गए गलत मायने! नई दिल्ली, जेएनएन। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जेम्स फॉकनर सोमवार से काफी चर्चा में हैं। वजह है सोशल मीडिया पर उनके द्वारा शेयर की गई एक तस्वीर। फॉक्नर ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर अपने जन्मदिन पर एक दोस्त के साथ तस्वीर शेयर की जिसके बाद यह अंदाजा लगाए जाने लगा कि वह गे हैं। फॉक्नर ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था, "अपने जन्मदिन के मौके पर अपने ब्वॉयफ्रेंड और मां के साथ हूं।हालांकि अब उन्होंने साफ कर दिया है कि वह गे नहीं हैं और उनकी तस्वीर के गलत मायने निकाले गए। फॉकनर ने मंगलवार को एक और तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'ऐसा लगता है कि बीती रात मेरी पोस्ट को गलत तरीके से समझा गया। मैं गे नहीं हूं। हालांकि LBGT समुदाय की ओर से मिल रहे समर्थन को देखकर अच्छा लग रहा है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि प्यार सिर्फ प्यार होता है हालांकि, @robjubbsta मेरे सिर्फ एक अच्छा दोस्त है। बीती रात हमारी दोस्ती को पांच साल पूरे हो गए थे। इतने सारे लोगों का समर्थन देख खुश हूं।'ऐसा पहली बार नहीं हुआ जब किसी खिलाड़ी ने समलैंगिक होने की बात कबूली हो। इससे पहले इंग्लैंड के स्टीवन डेविस ऐसा ही खुलासा कर चुके हैं। वह पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हैं जिन्होंने 2011 में एक साक्षात्कार के दौरान खुलासा किया था कि वह समलैंगिक हैं। इसके बाद हाल ही में न्यूजीलैंड महिला क्रिकेटर हेले जेनसन ने ऑस्ट्रेलिया की खिलाड़ी निकोला हेनकॉक से शादी की है।बता दें कि फॉकनर ने एक टेस्ट, 69 एकदिवसीय और 24 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया। वह आखिरी बार अक्टूबर 2017 में ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेले। फॉक्नर आइपीएल में राजस्थान रॉयल्स, किंग्स इलेवन पंजाब, गुजरात लायंस और पुणे वॉरियर्स की तरफ से खेल चुके हैं।Posted By: Ruhee Parvez
Source: Dainik Jagran April 30, 2019 06:45 UTC