गुजरात: पुरानी बसें बनेंगी गरीबों का घर; इनमें लाइट, पंखे, पानी, बेड और सीसीटीवी सहित कई सुविधाएं हैं - News Summed Up

गुजरात: पुरानी बसें बनेंगी गरीबों का घर; इनमें लाइट, पंखे, पानी, बेड और सीसीटीवी सहित कई सुविधाएं हैं


गुजरात में ठंडी के मौसम में, गर्मी की धूप में और बारिश के समय फुटपाथ पर जीवन बसर करने वाले लोगों के लिए एसटी (स्टेट ट्रांसपोर्ट) निगम आगे आया है। निगम अपनी ऐसी गैर उपयोगी बसों को शेल्टर होम में परिवर्तित कर रहा है, जो 8 लाख किमी से ज्यादा चल चुकी हैं। इनमें लाइट, पंखा, पानी, बेड, सीसीटीवी सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रयोग के तौर पर 2 बसें गरीबों के आश्रय के लिए रखी गई हैं। एक बस में 10 लोग सो सकते हैं। इनमें महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। एसटी निगम और नगर पालिका के संयुक्त प्रयास से यह प्रयोग भरूच जिले में शुरू किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि राजकोट में भी कई लोग फुटपाथ पर सोते नजर आते हैं। इसलिए एसटी निगम और महानगर पालिका राजकोट में भी इस तरह की सुविधा जल्द ही उपलब्ध करा सकती है।अधिकारियों ने बताया कि एसटी निगम की एक गैर उपयोगी बस को गरीबों का आशियाना बनाने में करीब 3 लाख रुपए खर्च हो रहे हैं। पुरानी बस में 10 बेड, लाइट, पंखा सहित अनेक व्यवस्था उपलब्ध कराई गई हैं। हर एक बिस्तर पर चादर और तकिए भी उपलब्ध कराए गए हैं।


Source: Dainik Bhaskar December 18, 2018 21:22 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...