नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर बरघाट नगर के बस स्टैंड में 4 अप्रैल शनिवार की रात लगभग 8 बजे एक सराफा व्यापारी की कार में रखे लाखों रुपये कीमत के जेवर तथा नकदी रुपयों से भरे दो बैग अज्ञात चोर ने चंद सेकंड में पार कर दिया। दरअसल घर लौटने व्यापारी दिलीप महाजन ने अपनी कार में 25 किलो चांदी, 30 तोला सोना के जेवर तथा 2 से 3 लाख रुपये नकदी से भरा बैग रखकर दुकान में ताला लगा रहे थे।इसी बीच अज्ञात चोर ने फिल्मी अंदाज में कार का दरबाजा खोला और दोनों बैग लेकर चंपत हो गया। ताला लगाकर लौटने पर कार का दरवाजा खुला देखकर व्यापारी के होश उड़ गए। इसके बाद बस स्टैंड क्षेत्र में चोरी की इस बड़ी घटना से हड़कंप मच गया। बस स्टैंड क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में सफेद रंग की शर्ट पहना युवक कार का दरवाजा खोलकर दोनों बैग निकालकर ले जाता दिखाई दे रहा हैं।
Source: Dainik Jagran April 05, 2026 05:44 UTC