केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार और गलत व्यवहार के आरोपों के चलते इनकम टैक्स के 12 अफसरों को बर्खास्त कर दिया। इनमें एक ज्वाइंट कमिश्नर रैंक का अफसर भी शामिल है। मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, सेंट्रल सिविल सर्विसेज (पेंशन) रूल्स, 1972 के फंडामेंटल रूल 56 के तहत इन अफसरों को जबरन सेवानिवृत्त किया गया।सूत्रों के मुताबिक, ज्वाइंट कमिश्नर के खिलाफ भ्रष्टाचार की गंभीर शिकायतें और तांत्रिक चंद्रस्वामी की मदद के आरोपी उद्योगपति से वसूली का आरोप है। हटाए गए अफसरों में नोएडा में कमिश्नर पद पर तैनात आईआरएस अफसर भी है। अफसर पर दो महिला आईआरएस अफसरों का यौन उत्पीड़न करने का आरोप है।इस लिस्ट में एक अन्य आईआरएस अफसर भी शामिल है, जो रिटायर हो चुके हैं और उनपर और उनके परिवार वालों पर 3.17 करोड़ की संपत्ति है। आरोप हैं कि अफसर ने यह संपत्ति अपने पद का गलत इस्तेमाल करते हुए अवैध तरीके से हासिल की है।इनकम टैक्स के एक अफसर, जिनके खिलाफ सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने बेहिसाब संपत्ति के मामले में केस दर्ज किया था। उन्हें भी पद से हटा दिया गया। अफसर को अक्टूबर 2009 में निलंबित कर दिया गया था।एक अन्य अफसर जो भ्रष्टाचार और जबरन वसूली के मामलों में शामिल थे और कई गलत और दुर्भावनापूर्ण फैसले किए थे, उन्हें भी बर्खास्त कर दिया गया। हालांकि, बाद में उनके फैसलों को बदल दिया गया।
Source: Dainik Bhaskar June 10, 2019 16:52 UTC