जागरण संवाददाता, नई दिल्लीआइजीआइ एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 11 सौ ग्राम से ज्यादा सोना बरामद किया गया है। इसकी कीमत 39 लाख रुपये से ज्यादा है। अलग-अलग मामले में दबोचे गए दोनों तस्कर भारतीय हैं। वे विदेश से भारत आए थे। एक आरोपित इससे पूर्व भी सोना तस्करी कर भारत ला चुका है। कस्टम अधिकारी मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रहे हैं।कस्टम के एडिशनल कमिश्नर डॉ. अमनदीप सिंह के अनुसार दोनों घटनाएं 27 सितंबर की हैं। पहले मामले में अबू धाबी से गो एयर की उड़ान आइजीआइ एयरपोर्ट पर आई थी। इससे उतरा एक संदिग्ध शख्स एयरपोर्ट से बाहर निकलने की जुगत में लगा था। लिहाजा जैसे ही उसने ग्रीन चैनल पार किया। इसके सामान का जांच की गई। तलाशी में उसके पास से 525 ग्राम भार के सोने के दो तार बरामद हुए। इसकी कीमत करीब 18 लाख 49 हजार रुपये है। सोना बरामदगी के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह पूर्व में भी 38 लाख रुपये का सोना तस्करी कर भारत ला चुका है। वहीं अन्य मामले में कस्टम विभाग ने बहरीन से आए तस्कर को दबोचा। वह गल्फ एयर की उड़ान से आइजीआइ एयरपोर्ट पर आया था। वह भी एयरपोर्ट से बाहर निकलने का जुगत में लगा था। तलाशी लेने पर इसके पास से भी सोने की एक पट्टी सहित सोने के तार बरामद हुए। सोने के तार पर उसने चांदी के रंग का पेंट चढ़ा रखा था। उसके पास से बरामद 590 ग्राम सोने की कीमत 20 लाख 78 लाख रुपये है। कस्टम अधिकारी दोनों से पूछताछ कर अब यह पता लगा रहे हैं कि उनके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं।Posted By: Jagranअब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप
Source: Dainik Jagran September 28, 2019 15:11 UTC