नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पश्चिम क्षेत्र की यातायात समस्या के समाधान की दिशा में नगर निगम को बड़ी सफलता मिली है। राज्य शासन ने चंदन नगर से कालानी नगर को जोड़ने वाली सड़क को अंतिम मंजूरी दे दी है। यह सड़क 18 मीटर (60 फीट) चौड़ी बनेगी। इसके बनने से एयरपोर्ट रोड पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस सड़क के चौड़ीकरण में 350 मकान सीधे-सीधे प्रभावित होंगे। इनमें से करीब 100 मकान ऐसे हैं जो शत प्रतिशत टूटेंगे, जबकि शेष का कुछ हिस्सा इस चौड़ीकरण की भेंट चढ़ेगा। चूंकि नगर निगम इस सड़क के लिए टेंडर और वर्क आर्डर पहले ही जारी कर चुका है इसलिए काम शुरू करने में अड़चन नहीं आएगी।लंबे समय से हो रही है चौड़ीकरण की मांग चंदन नगर से कालानी नगर की बनने वाली यह सड़क वर्तमान में कहीं 20 तो कहीं 30 फीट चौड़ी है। इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से हो रही है। महापौर परिषद की सहमति के बाद नगर निगम ने चौड़ीकरण के लिए सर्वे का काम पूरा करने के बाद बाधक मकानों पर निशान भी लगा लिया था, लेकिन इस सड़क को मास्टर प्लान में शामिल करने के प्रयास में काम अटका हुआ था, अब गजट नोटिफिकेशन होने के बाद यह बाधा दूर हो गई है। यह भी जानें 18 मीटर चौड़ी नई सड़क पश्चिमी क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।20 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी। इस राशि की व्यवस्था मास्टर प्लान की सड़कों के लिए केंद्र से मिली राशि से होगा।सड़क के लिए टेंडर और वर्क ऑर्डर पहले ही जारी हो चुके हैं, इसलिए काम शुरू करने में परेशानी नहीं आएगी। पश्चिमी क्षेत्र के लिए इसलिए है महत्वपूर्ण यह सड़क पश्चिमी इंदौर के लिए सीधा, तेज और भीड़ भाड़ से मुक्त मार्ग प्रदान करेगी।एयरपोर्ट रोड के कालानी नगर चौराहा से धार रोड के चंदन नगर चौराहा तक यह नया कारिडोर ट्रैफिक लोड वितरित करेगा और पश्चिमी रिंग रोड का वैकल्पिक मार्ग बनेगा।इसके अलावा नंदन नगर और नगीन नगर के पास करीब 800 मीटर सड़क को भी मास्टर प्लान में शामिल किया गया है, जिससे इन आबादी वाले इलाकों में भी यातायात सुगम हो सकेगा। ये हैं निर्माण में चुनौतियां इस सड़क की चौड़ाई कम करने की मांग उठ रही है। नगर निगम के सर्वे के दौरान भी रहवासियों ने जोरदार विरोध किया था। रहवासियों का कहना है कि सड़क की चौड़ाई 40 या 50 फीट कर दी जाए तो ज्यादातर मकानों को टूटने से बचाया जा सकता है। इधर निगम का कहना है कि मास्टर प्लान के हिसाब से सड़क की चौड़ाई कम से कम 18 मीटर अनिवार्य है। सड़क चौड़ीकरण में सर्वे के हिसाब से 350 बाधक मकान हैं। इनमें से कई ऐसे हैं जो पूरे टूटेंगे।
Source: Dainik Jagran February 15, 2026 21:10 UTC