एक माह में बनेगा ट्रस्ट, राम मंदिर निर्माण इसी साल से, फंड सरकार देगीश्रीरामलला शहर तिरुपति की तर्ज पर बनेगा, 9 प्लेटफॉर्म वाला स्टेशन भी बनेगाविजय उपाध्याय Jan 01, 2020, 10:54 AM ISTअयोध्या. बरसों से चल रहा इंतजार अब खत्म हो रहा है। 9 फरवरी के पहले केंद्र सरकार राममंदिर ट्रस्ट का गठन कर देगी। इसी साल 2 अप्रैल को रामनवमी पर मंदिर निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि आज नए साल के पहले दिन रामलला को 56 तरह के फल-मेवे और पकवान का भोग लगाया जाएगा। रामलला विराजमान के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास ने कहा कि अदालतों में मुकदमों के 70 साल चले दौर के बाद पहली बार रामलला को 56 भोग लग रहा है। आज उन्हें हरे रंग के नए वस्त्र पहनाने का दिन है।साल के पहले दिन रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन करने करीब 70 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचने की उम्मीद है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद यहां रोज करीब 18 हजार लोग आ रहे हैं। पहले संख्या 10-12 हजार होती थी। यहां हर 15 दिन में दानपेटी खोली जाती है। इसमें चढ़ावा पहले से दोगुना होकर 6 लाख रुपए तक पहुंच गया है। अयोध्या के सभी होटल और धर्मशालाएं दो दिन पहले से ही फुल हैं। मस्जिद के पैरोकार रहे इकबाल अंसारी ने भास्कर को बताया कि वो नए साल पर रामलला विराजमान के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास से मिलेंगे। उनसे निवेदन करेंगे कि वे उनकी तरफ से रामलला से प्रार्थना करें कि जल्द से राम मंदिर निर्माण शुरू हो और देश में सुख-शांति रहे। इस बीच, श्रीरामलला विराजमान शहर के नए स्वरूप, ढांचागत सुविधाओं का खाका तैयार करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के अफसरों की टीम यहां बार-बार दौरा कर रही हैं। टीम के एक अफसर ने बताया कि श्रीरामलला विराजमान शहर का दायरा 100 एकड़ में होगा। आसपास के राजस्व ग्राम जुड़ जाएंगे। तिरुपति और वेटिकन की तर्ज पर इसे विकसित किया जाएगा। अयोध्या में 9 प्लेटफॉर्म वाला नया स्टेशन बनाने की योजना है।फंड देगी सरकार, नए मंदिर में 12वीं सदी का स्वरूप भी नजर आएगाढांचागत विकास के लिए सरकार, मंदिर के लिए जनसहयोग से फंडश्रीरामलला शहर के ढांचागत विकास के लिए केंद्र सरकार फंड देगी, जबकि मंदिर निर्माण के लिए रामलला ट्रस्ट जनसहयोग से धन जुटाएगा। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय मंदिरों को रखरखाव के लिए राशि देता है। सरकार बजट में भी अलग से फंड दे सकती है।विक्रमादित्य के बनाए मंदिर के फर्श से जुड़ेगा नया मंदिरनए राम मंदिर में पुराने मंदिर की झलक मिलेगी। 12वीं सदी में विक्रमादित्य ने यहां भव्य राम मंदिर बनवाया था। इसके अवशेष खुदाई में मिले हैं। फर्श का हिस्सा अभी भी मौजूद है। ये पौराणिक अवशेष भी नए राम मंदिर का हिस्सा होंगे।राम वाटिका के बीच नया मंदिर, लेजर शो, म्यूजियम भी होगाअयोध्या के राम मंदिर में लेजर शो से रामचरित्र का बखान होगा। परिसर में ही म्यूजियम बनेगा, जिसमें मंदिर के पौराणिक अवशेष संरक्षित रखेे जाएंगे। इसके प्रसादालय की राम रसोई में लंगर चलेगा। मंदिर परिसर में ही शेषावतार मंदिर भी बनेगा।
Source: Dainik Bhaskar January 01, 2020 01:52 UTC