अमेरिका / 3 साल में देश के राष्ट्रीय महत्व के सभी 419 स्थान घूमे, 1.20 लाख किमी का सफर किया - News Summed Up

अमेरिका / 3 साल में देश के राष्ट्रीय महत्व के सभी 419 स्थान घूमे, 1.20 लाख किमी का सफर किया


अमेरिका में रहने वाले मीका मेयर (33) ने 3 साल में अपने देश के राष्ट्रीय महत्व के सभी 419 स्थान घूम डाले। इनमें नेशनल पार्क भी शामिल हैं। इसके लिए मेयर को ट्रेन, विमान और नाव से सफर करना पड़ा। उन्होंने राफ्टिंग भी की। हालांकि ज्यादातर सफर में ड्राइविंग की। अमेरिका के राष्ट्रीय अहमियत वाले सभी स्थानों को घूमने के लिए उन्होंने करीब एक लाख 20 हजार किमी का सफर किया। इन स्थानों को देखने के लिए मेयर ने अमेरिका के पूर्वी से पश्चिमी और उत्तर से लेकर दक्षिणी छोर को नाप लिया।मेयर का मानना है कि एकबार में अमेरिका के 419 स्थान घूमने वाले वे अकेले व्यक्ति हैं। 29 अप्रैल को उनकी ट्रिप पूरी हुई। आखिरी जगह लिंकन मेमोरियल थी। मेयर की ट्रिप को उनके दोस्त, परिवारवाले समेत कई लोग इंस्टाग्राम-फेसबुक पर इसलिए फॉलो कर रहे थे क्योंकि वे एक रोमांचक ट्रिप को पूरा होते देखना चाहते थे।मेयर ने कहा, "दरअसल मैं अमेरिका की पूरी कहानी जानना चाहता था। मैं प्राकृतिक जगहों के अलावा उन स्थानों पर भी जाना चाहता था जहां देश के इतिहास को बेहतर तरीके से जान सकूं।" मेयर के 19 साल के थे जब उनके पिता की मौत हो गई। मेयर को लक्ष्य पूरा करने की प्रेरणा अपने पिता से मिली जो अपनी जिंदगी में एक भी रोड ट्रिप नहीं कर पाए थे। मेयर के पिता पादरी थे।लिंकन मेमोरियल पर पहुंचकर मेयर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि एक दिन में मृत्युशैया पर रहूंगा। हो सकता है कि ये दिन 60 साल बाद आए या 6 दिन बाद ही आ जाए। उस दिन मेरे पास कुछ बताने के लिए रहना चाहिए। मेयर वॉशिंगटन नेशनल कैथेड्रल में एक प्रोफेशनल सिंगर रह चुके हैं।मेयर के मुताबिक- 3 साल पहले मैंने कुछ पैसे के साथ ही यात्रा की शुरुआत की थी। बाद में सोशल मीडिया, फैंस, दोस्तों, कॉरपोरेट स्पॉन्सर्स और 100 चर्चों से पैसा जुटाया। कॉरपोरेट स्पॉन्सर्सर की कई बार शर्त होती थी कि विमान की टिकट के बदले ब्लॉग में प्रमोशनल पोस्ट करना होगा।ट्रिप के दौरान मेयर की मुलाकात ऐसे लोगों से भी हुई जो 419 स्थान घूम चुके हैं। इन्हीं में से एक हैं क्रिस काल्वर्ट। क्रिस ने इसकी शुरुआत 17 साल की उम्र में की थी, 50 साल का होने पर वे सारी जगहें घूम पाए।काल्वर्ट बताते हैं- नेशनल आर्काइव में अमेरिका के सबसे जरूरी दस्तावेज सुरक्षित हैं। स्मिथसोनियन म्यूजियम में हमारी कई चीजें संरक्षित की हुई हैं। इसी तरह नेशनल पार्क सर्विस के पास अमेरिका के सबसे महत्वपूर्ण स्थानों की देखरेख का जिम्मा है। ये जगहें अमेरिका को परियभाषित करती हैं। एक तरह से ये देश की आत्मा है। यहां जाकर हमारी कहानी, हमारी जमीन और इतिहास के बारे में पता लगता है।


Source: Dainik Bhaskar May 05, 2019 02:48 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */