शहर के रामगंज थाना इलाके में पतंग वालों का मोहल्ला में आपसी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यह पूरी वारदात घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जिसमें लहूलुहान हालत में युवक इधर उधर भागते नजर आ रहा है। आखिरकार, वह सड़क पर गिर पड़ा और हमलावरों के भागने के बाद स्थानीय लोगों ने युवक को संभालकर अस्पताल पहुंचाया। तब तक उसकी मौत हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारे युवकों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।मामले में रामगंज थाना पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मृतक रिजवान के भाई जावेद की रिपोर्ट पर पुलिस ने उनके पड़ौस में रहने वाले समीर और विक्की सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।रामगंज थाना प्रभारी रामअवतार ताखर ने बताया कि मृतक रिजवान नगीनों का काम करता था। इनमें एक आरोपी भी रिजवान के साथ पहले नगीनों का काम करता था। रविवार देर रात करीब 2:30 बजे चार-पांच युवक रिजवान के घर पहुंचे। उन्होंने आवाज देकर रिजवान को घर से बाहर बुलाया।जब रिजवान घर से बाहर आया। तब वहां मौजूद आरोपी समीर व विक्की और उनके साथी रिजवान को घर से कुछ दूर ले गए। जहां अचानक रिजवान पर धारदार हथियार चाकू व अन्य से हमला कर दिया। इससे लहूलुहान हालत में रिजवान खुद को बचाने के लिए चीखते चिल्लाते इधर उधर भागने लगा।लेकिन बदमाशों ने लगातार पीछा कर रिजवान पर चाकू मारे। आखिरकार रिजवान सड़क पर गिर पड़ा। तब हमलावर वहां से भाग निकले। इस बीच स्थानीय निवासी फैजान ने रिजवान के परिजनों को सूचना दी। फिर स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से रिजवान को हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां रिजवान ने दम तोड़ दिया।
Source: Dainik Bhaskar June 04, 2019 12:27 UTC