जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के मौके पर पश्चिम विहार के ए-2 काम्प्लैक्स का नामकरण भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर किया गया। इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा भी स्थापित की गई। इसके साथ ही रोहिणी के सेक्टर -17 के ए-1 ब्लाक के पार्क का नाम देश के पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय निगम पार्षद विनोद महेंद्रू मौजूद रहे।25 दिसंबर के दिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर जयप्रकाश ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के प्रेरणा स्त्रोत हैं। उनके कार्यकाल में संचार क्रांति की नींव रखी गई और पूरे देश में सड़कों का जाल बिछाने का श्रेय भी अटल बिहारी वाजपेयी को ही जाता है। गठबंधन की सरकार सफलतापूर्वक कैसे चलाई जाती है, यह अटल जी ने ही सिखाया है। अटल जी की लिखी पंक्तियां, छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता, टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता, सभी में अदभुत शक्ति का संचार करती है। अटल बिहारी वाजपेयी सच्चे मायनों में सुशासन के प्रतीक थे। इसी वजह से 25 दिसम्बर के दिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है।इस मौके पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम में नियुक्तियां, पदोन्नति एवं अनुशासनात्मक समिति के अध्यक्ष नीरज गुप्ता ने कहा कि यह उत्तरी पश्चिमी दिल्ली में पहला क्षेत्र है जहां अटल जी की प्रतिमा लगाई गई है। आज से कुछ साल पहले तक यह काम्प्लैक्स जर्जर हालत में था।कार्यक्रम के दौरान दिल्ली बीजेपी की सह प्रभारी डा. अलका गुर्जर, उत्तरी दिल्ली के महापौर जयप्रकाश, पूर्व विधायक श्यामलाल गर्ग और जिला केशवपुरम अध्यक्ष राजकुमार भाटिया भी शामिल हुए। इस मौके पर निगम पार्षद विनीत वोहरा सहित, भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय दुकानदार भी मौजूद रहे।डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस
Source: Dainik Jagran December 25, 2020 15:33 UTC