प्रयागराज (ब्यूराे)। आजमगढ़ से आकर पढ़ाई करने वाली 19 वर्षीय छात्रा दीपिका की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। शनिवार सुबह फाफामऊ पुल के रेलवे ट्रैक पर उसकी लाश मिली। इसका पता चलने पर परिवार में मातम छा गया। मौके पर पहुंची शिवकुटी पुलिस ने छानबीन के बाद आत्महत्या बताया। कहा कि शुक्रवार को छात्रा ने एएनएम की परीक्षा दी थी। शायद पेपर खराब होने के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया है। मोबाइल को कब्जे में लेकर विस्तृत जांच की जा रही है। उधर, परिवार वालों ने कहा कि दीपिका आत्महत्या नहीं कर सकती है।असमंजस में परिजनबताया गया है कि आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र के मीरअहमद गांव निवासी जय प्रकाश खेती करते हैं। दीपिका उनकी बड़ी बेटी थी, जो पिछले एक साल से तेलियरगंज में किराए पर कमरा लेकर आक्सिलरी नर्स मिडवाइफरी (एएनएम) की पढ़ाई कर रही थी। दीपिका जहां रहती थी, उसी मकान में बुआ का बेटा अंकित सहित कई अन्य रिश्तेदार के लड़के भी रहकर पढ़ाई करते हैं। शुक्रवार को दीपिका एएनएम की परीक्षा देने गई थी। रात को उसने अपनी राजकुमारी मां और परिवार के दूसरे सदस्यों से मोबाइल पर बातचीत की थी। शनिवार सुबह फाफामऊ पुल के रेलवे ट्रैक पर उसकी लाश मिली। रेलवे और पीएसी के गोताखोरों से जानकारी मिलने पर शिवकुटी पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। इसी दौरान बुआ का बेटा और दूसरी छात्राएं, छात्र भी वहां पहुंच गए, जिन्होंने दीपिका के रूप में शव की पहचान की। घटना का पता चलने पर पिता जय प्रकाश, सिंचाई विभाग में जेई चाचा कमल समेत कई लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। यहां चाचा ने कहा कि दीपिका पढ़ाई में अच्छी थी और आत्महत्या नहीं कर सकती है। शुक्रवार को घर में बात की थी, तब सब कुछ सही था। वहीं, इंस्पेक्टर शिवकुटी रुकुमपाल सिंह का कहना है कि बुआ के बेटे ने बताया कि छात्रा ने शुक्रवार को एएनएम की परीक्षा थी। संभवत: पेपर अच्छा नहीं हुआ, जिस कारण छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी है। घरवालों ने अभी कोई आरोप नहीं लगाया है। जांच की जा रही है।
Source: Dainik Jagran February 07, 2026 19:29 UTC