डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बरगी बांध से अब नर्मदा में भरपूर पानी छोड़ा जा रहा है, ऐसा इसलिए संभव हो सका है, क्योंकि पाॅवर जनरेशन के लिए दोनों टरबाइनों को चालू कर दिया गया है। दो टरबाइन के चालू होने से नर्मदा में 188 घन मीटर प्रति सेकेण्ड की रफ्तार से पानी छोड़ा जा रहा है। कुछ दिन पहले तक जहां 100 घन मीटर पानी छोड़ा जा रहा था तो अब इसकी रफ्तार के साथ मात्रा को बढ़ा दिया गया है।रेलवे जिसको नर्मदा से जल मिलता है उसने भी घाटों तक ज्यादा पानी छोड़ने के लिए कहा था। बता दें कि नर्मदा से शहर में 70 फीसदी पेयजल सप्लाई किया जाता है। रेलवे को भी पूरा पानी नर्मदा से ही मिलता है।किसी भी तरह से बरगी बांध से जल की मात्रा कम छोड़े जाने की दशा में घाटों में तो जल संकट आ ही जाता है, साथ ही पेयजल के लिए लगे जल संयंत्र में भी पानी की कमी आ जाती है। बांध में इस समय 40 फीसदी पानी है। बीते साल अप्रैल के पहले सप्ताह तक बांध में 45 फीसदी पानी था।दोनों तापमान सामान्य से कम, इसलिए गर्मी से राहतमौसम में अभी दोनों तापमान सामान्य से कम दर्ज हो रहे हैं, इसलिए गर्मी से थोड़ी राहत है। हल्के बादलों के बीच तापमान में आगे हालांकि बदलाव होगा, तापमान बढ़ेगा लेकिन इससे पहले अभी फिलहाल गर्मी से थोड़ी सी राहत है।शहर में सोमवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से 3 डिग्री कम दर्ज किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। शहर के आसपास अभी दक्षिण-पश्चिमी हवाएं सक्रिय हैं। अगले 24 घंटों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
Source: Dainik Bhaskar April 07, 2026 18:09 UTC