स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रनों की पारी खेली। उन्होंने ये पारी ऐसे समय में खेली, जब टीम इंडिया के लिए मुकाबला वर्चुअल नॉकआउट की तरह था। संजू की पारी की तारीफ भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने की है। गांगुली ने सैमसन को बेहतरीन खिलाड़ी बताया और लगातार मौके देने की बात कही।संजू ऐसे खिलाड़ी रहे हैं, जिन्हें लगातार टीम इंडिया में मौके नहीं दिए गए। टी20 वर्ल्ड कप से पहले शुभमन गिल की वजह से उनके बैटिंग क्रम में बदलाव किया गया। गिल जब बाहर गए, तो ईशान किशन और अभिषेक शर्मा पारी की शुरूआत करने लगे। हालांकि, जब टीमें दो बाएं हाथ के बल्लेबाज को देखकर पहले ओवर में स्पिन गेंदबाज लगाने लगीं और विकेट हासिल करने लगीं, तो संजू को वापस लाया गया। इसके बाद उन्होंने अपने करियर की सबसे बेहतरीन पारी खेली, जिसके फैन गांगुली भी हो गए हैं।सौरव गांगुली का संजू सैमसन पर बयान वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले के बाद पत्रकारों से बात करते हुए गांगुली ने कहा, "संजू सैमसन की पारी शानदार रही है। वे बहुत ही अच्छे खिलाड़ी हैं। उन्हें सफेद गेंद की क्रिकेट में लगातार मौके मिलते रहने चाहिए। सैसमन जब क्रीज पर आते हैं, तो विपक्षी टीम को इससे नुकसान पहुंचता है। उन्होंने स्थिति के अनुसार खेला और टीम को जीत दिलाई।"संजू सैमसन की यादगार पारी संजू ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। उनकी ये पारी यादगार है क्योंकि टीम इंडिया ने 196 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर चेज किया। सैमसन ने अपनी पारी के दौरान 12 चौके और 4 छक्के लगाए। उनकी पारी ने ये सुनिश्चित किया कि भारत सेमीफाइनल में पहुंचे।