जागरण संवाददाता, रांची। रांची से एक मरीज को इलाज के लिए दिल्ली लेकर जा रही एक एयर एंबुलेंस सोमवार रात चतरा में क्रैश हो गई। इस विमान पर मरीज समेत कुल सात लोग सवार थे, जिनमें सभी की मौत हो गई।रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि शाम 7.34 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से विमान का संपर्क अचानक टूट गया। संपर्क टूटते ही तत्काल हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। इसी बीच चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत करमाटांड़ गांव के पास स्थित जंगल में स्थानीय लोगों ने विमान का मलबा देखे जाने की सूचना दी। बाद में चतरा जिला पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत कार्य चलाया।