जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में लगातार बढ़ रहे तापमान के कम होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि 23 और 24 फरवरी को राज्य के निकटवर्ती मध्य भाग व दक्षिणी हिस्से में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही इन हिस्सों के करीब 14 जिलों में मेघगर्जन के साथ वर्षा होने की पूरी संभावना है। वहीं, 25 और 26 फरवरी को राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह में कुहासा और बाद में आंशिक बादल छाए रहेंगे, साथ ही मौसम शुष्क बना रहेगा।23 और 24 फरवरी को राज्य के दक्षिणी हिस्से पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के अलावा मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, कोडरमा, लोहरदगा और धनबाद में कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।इससे मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि सुबह में कुहासा और बाद में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। बताया कि राज्य में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक यानी 25, 26 और 27 फरवरी को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।


Source:   NDTV
February 23, 2026 07:08 UTC