जागरण संवाददाता, पटना। मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई यात्राओं पर भी साफ दिखने लगा है। पटना से कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए खाड़ी देशों की यात्रा करने वाले 150 से अधिक यात्रियों ने अपनी टिकटें रद करा दी हैं।इनमें वे यात्री शामिल हैं जो पटना से दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और हैदराबाद होते हुए दुबई, कतर, कुवैत, बहरीन और ओमान जाने वाले थे। एयरलाइंस सूत्रों के अनुसार एक और दो मार्च की बुकिंग वाले यात्रियों ने एहतियातन अपने टिकट कैंसिल करा दिए हैं। कुछ यात्रियों ने आगे की तारीखों के लिए टिकट री-शेड्यूल कराई है, जबकि कई लोगों ने पूरा रिफंड लेना बेहतर समझा।बताया जा रहा है कि संबंधित क्षेत्र के एयरस्पेस से गुजरने वाली कई उड़ानों को अस्थायी रूप से रद या परिवर्तित किया गया है, जिससे यात्रियों में अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। पटना एयरपोर्ट से प्रत्यक्ष अंतरराष्ट्रीय उड़ानें नहीं होने के कारण अधिकांश यात्री अन्य महानगरों से कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ते हैं। चिंता का माहौल मौजूदा हालात को देखते हुए ट्रैवल एजेंसियों के पास लगातार पूछताछ हो रही है और लोग स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं। इधर, खाड़ी देशों में काम करने वाले प्रवासी भारतीयों के परिवारों में भी चिंता का माहौल है।