जागरण संवाददाता, कानपुर। होली के बाद भी ट्रेनों में सीटों को लेकर संकट बना रहेगा। होली मनाने शहर आए लोगो तथा बाहर से यहां आने वाले लोगों ट्रेनों भरी रहेंगी। होली के बाद अधिकांश ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। कई ट्रेनों में जगह भी नहीं है। होली स्पेशल ट्रेनों भी घंटों देरी से चल रही हैं। सेंट्रल स्टेशन पर मंगलवार को होली मनाने के लिए घर जाने वालों की भीड़ उमड़ी रही। ट्रेनों मे चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की होती रही। जनरल कोच में यात्री भूसे की तरह भरे रहे। अन्य कोचों में भी निर्धारित सीटों से डेढ़ से दो गुणे यात्री रहे।होली को लेकर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। सबसे अधिक भीड़ बिहार से आने व जाने वाले यात्रियों की है। बंगाल व दिल्ली की ट्रेने भी भरी हुई है। होली के बाद भी यही स्थिति रहेगी। बिहार जाने वाली राजेंद्र नगर राजधानी, दरभंगा राजधानी, हमसफर एक्सप्रेस, विक्रम शिला,पूर्वा एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति, पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति, नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल, सीमांचल एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस में होली के बाद कन्फर्म टिकट नहीं है। दिल्ली जाने वाली वंदे भारत, रांची गरीब रथ एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल, न्यू दिल्ली रांची गरीब रथ, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में वेटिंग चल रही है।होली से गंगा मेला तक सेंट्रल स्टेशन पर हाई अलर्ट होली से गंगा मेला तक सेंट्रल स्टेशन पर हाई अलर्ट कर दिया गया है। ट्रेनों की निगरानी की जा रही है। क्यूआरटी की तैनाती भी की गई है। होली पर रंग खेलने के दौरान ट्रेनों में कीचड़, गोबर आदि न फेंका जाए, इसके लिए आउटर पर भी जवानों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।सेंट्रल स्टेशन जीआरपी थाना प्रभारी ओमनारायण सिंह ने बताया कि होली पर ट्रेनों मे पत्थर फेंकने वालों पर निगाह रखने के लिए जवानों की तैनाती की गई है। होली खेलने वालों से अपील भी की गई है कि वे ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों पर कीचड़, गोबर, पत्थर न फेंके। सेंट्रल स्टेशन आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एसएन पाटीदार ने बताया कि क्यूआरटी किसी भी घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को देगी। सेंट्रल स्टेशन से प्रेमपुर, सेंट्रल स्टेशन से कंचौसी, भीमसेन आउटर, गंगाघाट पुल, सेट्रल स्टेशन से खलवा पुल तक आरपीएफ के सिपाही निगरानी करेंगे।


Source:   Dainik Jagran
March 03, 2026 14:28 UTC