डिजिटल डेस्क,सतना। उचेहरा नगर के बउली तिराहे पर संचालित सैनिक कैंटीन में चोरी और मध्यांचल ग्रामीण बैंक का ताला तोडक़र बड़ी रकम उड़ाने की कोशिश के दूसरे आरोपी शिवेन्द्र उर्फ शिब्बू उर्फ शिवम सोनी पुत्र रमेश सोनी 23 वर्ष, निवासी आदर्श नगर-हवाई पट्टी, थाना कोलगवां, को पुलिस ने कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर केन्द्रीय जेल सतना से गिरफ्तार कर एक दिन की रिमांड मंजूर कराई और पूछताछ की, तो आरोपी ने ऑरेंज वर्मा के साथ मिलकर वारदात करने का जुर्म कबूल कर लिया।उसकी निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की अपाचि बाइक को भी जब्त किया गया है। रिमांड खत्म होने पर बुधवार शाम को पुन: न्यायालय में पेश कर आरोपी शिवम को जेल भेज दिया गया।दो सप्ताह पहले पकड़ा गया था एक बदमाशगौरतलब है कि 6 जनवरी की रात को बदमाशों ने बउली तिराहे पर कैंटीन और बैंक को निशाना बनाया था। तब पेट्रोलिंग कर रही डायल 112 टीम के आ जाने से आरोपी बैंक में चोरी नहीं कर पाए थे।यह मामला सामने आने के बाद जांच-पड़ताल कर पुलिस ने लगभग एक महीने बाद 11 फरवरी को वारदात में शामिल रहे आरोपी ऑरेंज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया था, जिसने शिवम सोनी का नाम उगला था, लेकिन उक्त आरोपी सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक प्रकरण में गिरफ्तार होकर जेल चला गया। ऐसे में प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उसकी गिरफ्तारी की गई।