भास्कर न्यूज, पुणे। येरवडा पुलिस थाने के लॉकअप से फरार हुए दुष्कर्म आरोपी शैलेश राजू मोहिते (19) को पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पोक्सो कानून के तहत गिरफ्तार था और पुलिस हिरासत में रखा गया था।पुलिस के अनुसार, रविवार 8 फरवरी की शाम लगभग साढ़े सात बजे आरोपी ने लॉकअप में बिछाने के लिए चादर की मांग की। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों का ध्यान भटकाया और शौचालय में चला गया। वहां खिड़की के कांच को सरकाकर वह नीचे उतरा और फरार हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अंजुम बागवान के मार्गदर्शन में तत्काल विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया और येरवडा परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया।लगातार प्रयासों के बाद रात करीब दस बजे आरोपी को येरवडा इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी को कड़ी निगरानी में रखा गया है।इस संबंध में पुलिस उपनिरीक्षक किशोर बेरड ने येरवडा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, लॉकअप से आरोपी के फरार होने की घटना को लेकर भी अलग से जांच शुरू कर दी गई है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक महेश फटांगरे कर रहे हैं।