भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे मनपा की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रस्तावित संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) में 10 प्रतिशत वृद्धि का निर्णय फिलहाल टल गया है। शुक्रवार को हुई स्थायी समिति की बैठक में मनपा प्रशासक एवं आयुक्त नवल किशोर राम ने स्वयं द्वारा प्रस्तुत किए गए इस प्रस्ताव को अगली बैठक तक के लिए स्थगित कर दिया।10 वर्षों बाद प्रस्तावित थी वृद्धिपुणे मनपा में पिछले लगभग 10 वर्षों से संपत्ति कर में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रशासन ने 10 प्रतिशत टैक्स वृद्धि का प्रस्ताव रखा था। आयुक्त नवल किशोर राम ने पहले स्पष्ट किया था कि बढ़ते विकास कार्यों और राजस्व के बीच के अंतर को पाटने के लिए यह कदम आवश्यक है।राजनीतिक दबाव या रणनीतिक बदलाव? चुनावी नतीजों के बाद बदले राजनीतिक समीकरणों और सत्ता पक्ष के संभावित दबाव को भी इस फैसले से जोड़ा जा रहा है। अब यह प्रस्ताव नवनिर्वाचित स्थायी समिति के समक्ष आएगा, जहां इसे पारित कराना और चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। जनप्रतिनिधियों के लिए जनता की नाराजगी मोल लेकर टैक्स बढ़ोतरी के पक्ष में निर्णय लेना आसान नहीं होगा।


Source:   Dainik Bhaskar
February 07, 2026 09:39 UTC