भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड। निगड़ी से महालुंगे एमआईडीसी की ओर जा रही पुणे महानगर परिवहन महामंडल लिमिटेड (पीएमपीएमएल) की एक बस में शुक्रवार को चाकण औद्योगिक क्षेत्र में अचानक आग लग गई। यह घटना महिंद्रा कंपनी के सामने हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस जलकर खाक हो गई।प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह बस कामगारों के लिए विशेष फेरी के रूप में चलाई जा रही थी। घटना के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। बस से धुआं निकलता देख चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के अगले हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस इलेक्ट्रिक थी, जिससे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। आग की घटना से कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। औद्योगिक क्षेत्र में कामगारों की आवाजाही अधिक होने के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।फिलहाल संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पीएमपीएमएल की बसों की तकनीकी जांच कराने की मांग उठ रही है। इस घटना में भले ही कोई जनहानि नहीं हुई हो, लेकिन बस के पूरी तरह जल जाने से बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।