भास्कर न्यूज, पुणे। क्रेडिट कार्ड दिलाने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से 2 लाख 16 हजार 393 रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित ने हडपसर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के मोबाइल नंबर पर साइबर ठगों ने संपर्क किया। ठगों ने खुद को एक नामी बैंक का प्रतिनिधि बताते हुए आकर्षक ऑफर के साथ क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को एक लिंक भेजकर उसे खोलने के लिए कहा।जैसे ही पीड़ित ने लिंक खोली, उसके बैंक खाते से 2 लाख 16 हजार 393 रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम कटने का संदेश मिलने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही नागरिकों से अपील की है कि वे अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी व्यक्ति को अपनी बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें।