पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा ने प्रेस वार्ता का आयोजन करते हुए बीजेपी द्वारा संकल्प पत्र में किए गए वादों को दोहराया। इस दौरान उन्होंने इस बात का भी दावा किया कि देश में केवल बीजेपी ही है जो संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करती है। साथ ही उन्होंने वर्तमान सोरेन सरकार पर बीजेपी द्वारा शुरू की गई कई योजनाओं को बंद करने का भी आरोप लगाया।जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में अब बेहद कम समय बचा है, जिससे पहले सभी राजनीतिक पार्टियां एक्टिव मोड में नजर आ रही हैं। इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड के पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा ने जमशेदपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्य की सभी समस्याओं का स्थाई समाधान निकाला जाएगा। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र को भी सराहा और कहा कि देश में केवल हमारी पार्टी है जो संकल्प पत्र के वादों को पूरा करती है। भाजपा ने संकल्प पत्र में 4 वर्गों का रखा ध्यान : मुंडा अर्जुन मुंडा ने कहा कि बीजेपी ने करोड़ों झारखंड वासियों की चिंता करके संकल्प पत्र का निर्माण किया है। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में महिला, युवा, बेरोजगार और गरीब चारों वर्गों को ध्यान में रखा है।


Source:   Dainik Jagran
November 05, 2024 12:55 UTC