डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नगर निगम में विकास कार्य किस तरीके से हो रहे हैं, इसका ताजा उदाहरण वार्ड क्रमांक-73 की करमेता पुरानी बस्ती में देखा जा सकता है। यहां पर मुख्यमंत्री अधोसंरचना फंड से बन रही एक किलोमीटर लंबी सीमेंट कांक्रीट सड़क को एक तरफ बनाकर काम बंद कर दिया है।अब हालत यह है कि यहां पर दूसरी तरफ की सड़क पर धूल का गुबार उड़ रहा है। इसके साथ ही आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय नागरिक नगर निगम के अधिकारियों से कई बार मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन दोबारा काम नहीं शुरू किया जा रहा है।क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि करमेता पुरानी बस्ती में दो महीने पहले मुख्यमंत्री अधोसंरचना फंड से 1 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से एक किलोमीटर लंबी सीमेंट कांक्रीट रोड का निर्माण कार्य शुरू किया गया था।एक महीने में एक तरफ की सड़क बनकर तैयार हो गई। लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही दूसरी तरफ की भी सड़क बनाई जाएगी, लेकिन एक महीने से काम बंद है। नागरिकों ने बताया कि जब ठेकेदार से पूछा गया कि दूसरी तरफ की सड़क का काम कब शुरू होगा, तो ठेकेदार ने बताया कि उन्होंने नगर निगम में रनिंग बिल लगाया है। जब तक उसका भुगतान नहीं हो जाता है, तब तक काम शुरू नहीं किया जाएगा।धूल ने बढ़ाई परेशानी, वाहन चलाने में भी दिक्कतक्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि करमेता पुरानी बस्ती में एक तरफ की सड़क को खोद कर छोड़ दिया गया है। वाहनों के आवागमन से सड़क से धूल उड़ रही है। इसके कारण यहां रहने वाले लोगों को श्वास संबंधी बीमारियां हो रही हैं। अधबनी सड़क पर वाहन चलाने में भी परेशानी हो रही है। सड़क पर लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। इसके बाद भी सड़क का काम शुरू नहीं किया जा रहा है।निगमायुक्त से भी लगाई गुहारसड़क का काम शुरू कराने के लिए लगातार नगर निगम के अधिकारियों से मुलाकात की जा रही है। इस संबंध में क्षेत्रीय पार्षद सत्येन्द्र चौबे निगमायुक्त से भी गुहार लगा चुके हैं। हर जगह से उन्हें केवल आश्वासन मिल रहे हैं। इसके बाद भी सड़क का काम शुरू नहीं हो पा रहा है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।खुले नाले से बढ़ा हादसों का खतरायहां पर सड़क के किनारे खुला नाला है। वाहन चालकों को खुले नाले के किनारे से आना-जाना पड़ रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि संतुलन बिगड़ने से वाहन चालक नाले में गिर सकते हैं। इससे बड़ा हादसा हो सकता है। नगर निगम के अधिकारियों से खुले नाले को बंद करने की मांग की गई है।करमेता पुरानी बस्ती में एक तरफ सीमेंट कांक्रीट सड़क का काम पूरा कर लिया गया है। जल्द ही दूसरी तरफ की सड़क का काम शुरू कराया जाएगा। कमलेश श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री, नगर निगम