डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बेलखेड़ा शहपुरा के कछार गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक खेत के समीप दो भालुओं को विचरण करते देखा। इनकी मौजूदगी की खबर तेजी से फैल गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार को दोपहर के समय दोनों भालू काफी देर तक गांव की बाहरी सड़क और खेतों के पास देखे गए।रिहायशी इलाके के इतने करीब वन्यजीवों को देखकर लोग डर के मारे अपने घरों में दुबक गए। खेती-किसानी के काम पर जाने लोग भी सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। गांव में रहने वाले मुन्ना ठाकुर एवं दिनेश बर्मन ने बताया कि लोगों को डर है कि अंधेरा होने पर भालू आबादी वाले क्षेत्र में घुसकर मवेशियों या इंसानों पर हमला कर सकते हैं।वन विभाग को दी सूचनास्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचित किया गया। गांव वालों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। भालुओं को पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए। वहीं वन विभाग ने ग्रामीणों से सावधानी की अपील की है।अकेले खेतों में न जाने और रात के समय सतर्क रहने की भी सलाह दी है। फिलहाल विभाग की टीम भालुओं की लोकेशन ट्रैस करने की कोशिश कर रही है।पांच दिन पहले हो चुकी है एक घटनाबतादें कि जंगली भालू के हमले से एक किसान के घायल होने की सनसनीखेज घटना पांच दिन पहले चरगवां क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेनी सिंह पिपरिया गांव में हो चुकी है। भालू ने खेत में काम कर रहे 45 वर्षीय किसान संतराम देहरिया पर जानलेवा हमला कर उसे घायल कर दिया था। अब कछार गांव की घटना ने आसपास के लोगों को चिंता में डाल दिया है।