स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। IND vs ZIM Chepauk Pitch: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारत आज चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में जिम्बाब्वे से भिड़ेगा। दक्षिण अफ्रीका से 76 रन की करारी हार के बाद सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम के लिए ये मुकाबला “करो या मरो” जैसा बन गया है।सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए भारत को अपने बचे दोनों मैच, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ, हर हाल में जीतने होंगे। साथ ही दूसरे मैचों के नतीजों पर भी नजर रहेगी। अब किसी भी तरह की चूक की गुंजाइश नहीं है। आज जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले मैच में ओस बड़ा फैक्टर बन सकती थी, लेकिन इस बार उससे निपटने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।चेपॉक की पिच और ओस का असर चेपॉक की पिच परंपरागत रूप से स्पिनरों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां गेंद पकड़ बनाती है और बल्लेबाजी में धैर्य की जरूरत होती है। लेकिन रात के मैचों में भारी ओस खेल का रुख बदल देती है। ओस के कारण गेंद गीली हो जाती है, आउटफील्ड तेज हो जाती है और बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो जाता है। ऐसे में गेंदबाजों के लिए लाइन-लेंथ पकड़ना मुश्किल हो जाता है।रिपोर्ट के मुताबिक ओस की समस्या से निपटने के लिए चेपॉक में अमेरिका से मंगाया गया नया केमिकल ‘Dew Cure’ इस्तेमाल किया जा रहा है। इसे मंगलवार और बुधवार को मैदान पर छिड़का गया और आज दोपहर फिर से छिड़काव की प्लानिंग है। इसका मकसद रात के मैच में ओस के असर को कम करना है, ताकि मुकाबला संतुलित रहे।यह केमिकल मेजर लीग (MLB) के मैदानों पर भी व्यापक रूप से इस्तेमाल होता है। 'Dew Cure' घास की पत्तियों पर नमी टिकने नहीं देता। जैसे ही घास गीली होती है, नमी अवशोषित हो जाती और पत्तियां जल्दी सूख जाती हैं।टॉस का अहम रोल चेन्नई में रात के समय नमी 80 से 90 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है। ऐसे हालात में टॉस बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है। भारी ओस की संभावना होने पर कप्तान आमतौर पर पहले गेंदबाजी चुनते हैं, क्योंकि दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा करना आसान हो जाता है। गीली गेंद से यॉर्कर और धीमी गेंदें प्रभावी ढंग से डालना कठिन हो जाता है।IND vs ZIM: दोनों टीमों पर दबाव भारत को जहां दक्षिण अफ्रीका ने बुरी तरह हराया, वहीं जिम्बाब्वे को वेस्टइंडीज़ के खिलाफ 107 रन से हार का सामना करना पड़ा। दोनों ही टीमें सुपर आठ में अपनी पहली हार के बाद दबाव में हैं। ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ अंक तालिका के लिए नहीं, बल्कि आत्मविश्वास के लिए भी बेहद अहम है।