जागरण संवाददाता, पटना। बिहार का मौसम पछुआ के कारण शुष्क बने होने के साथ सुबह-शाम हल्की ठंड का प्रभाव अभी बना रहेगा। दिन में धूप निकलने से हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है।मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, तापमान में इस सप्ताह तक विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं। उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। मंगलवार को राजधानी सहित राज्य के 15 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।राजधानी का अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस एवं 31.8 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस सिवान के जीरादेई में दर्ज किया गया।पटना का न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य का न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस से 18.1 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।2 मार्च के आसपास पश्चिमी हिमालय क्षेत्रों में पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार है। ऐसे में राज्य के ज्यादातर भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। पटना सहित आसपास इलाकों का मौसम शुष्क होने के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहे।